पीएम मोदी ने इस दौरान एक साल तक सोना न ख़रीदने और खाने का तेल कम इस्तेमाल करने की अपील की.
05/11/2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तेलंगाना के दौरे पर थे. हैदराबाद में जहां उन्होंने एक सरकारी समारोह में कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की वहीं सिकंदराबाद में एक जनसभा को संबोधित किया.
सिकंदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की. इसके लिए उन्होंने कई रास्ते भी बताए हैं.
पीएम मोदी ने इस दौरान एक साल तक सोना न ख़रीदने और खाने का तेल कम इस्तेमाल करने की अपील की.
कांग्रेस ने पीएम मोदी के बयान की निंदा की है. कांग्रेस का कहना है कि पीएम मोदी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए आपातकालीन क़दम उठाने की जगह जनता को ही मुश्किल में डाल रहे हैं.
पीएम मोदी ने जनसभा में कहा, "सप्लाई चेन की इन मुश्किलों के बीच पिछले दो महीने से ही हमारे पड़ोस में इतना बड़ा युद्ध चल रहा है. इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ा है और भारत पर तो और भी गंभीर असर पड़ा है."
"भारत के पास बड़े बड़े तेल के कुएं नहीं हैं. हमें अपनी ज़रूरत के पेट्रोल-डीज़ल-गैस ये सभी बहुत बड़ी मात्रा में दुनिया के दूसरे देशों से मंगाने पड़ते हैं. युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में पेट्रोल, डीज़ल, गैस और फ़र्टीलाइज़र के दाम बहुत अधिक बढ़ चुके हैं. आसमान को भी पार कर गए हैं. पड़ोस के देशों में क्या है वो तो अख़बारों में आता है."
पीएम मोदी ने कहा, "भारत सरकार इस युद्ध के पिछले दो महीनों से देशवासियों को इस संकट से बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. नागरिकों पर बोझ ना पड़े, इसके लिए सरकार सारा बोझ खुद अपने कंधे पर उठा रही है."
सोना ख़रीदने को लेकर क्या कहा?
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के घर भी पीएम मोदी गए थे
इमेज स्रोत,ANI
इमेज कैप्शन,आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के घर भी पीएम मोदी गए थे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सप्लाई चेन का हवाला देते हुए कहा कि "सप्लाई चेन पर लगातार संकट बना रहे तो हम कितने भी उपाय कर लें मुश्किलें बढ़ती ही जाती हैं. इसलिए अब देश को सर्वोपरि रखते हुए, हमें एकजुट होकर लड़ना होगा. देश के लिए मरना ही देशभक्ति नहीं होती है, देश के लिए जीना और देश के लिए अपने कर्तव्यों को निभाना वो भी देशभक्ति होती है."
