भाजपा देहात के प्रबुद्धजन सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर हुआ मंथन
06/14/2026
भाजपा देहात के प्रबुद्धजन सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर हुआ मंथन
मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास विश्वास सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित : अर्जुनराम मेघवाल
सरकार ने 12 साल में अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है : बिहारीलाल विश्नोई
किसान, युवा, महिला, गरीब, श्रमिक सबके लिए कल्याणकारी योजनाएं सरकार ने दी है : श्याम पंचारिया
बीकानेर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "विश्वास के 12 साल, विकास के 12 साल, जनकल्याण के 12 साल एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन" के तहत भाजपा बीकानेर देहात द्वारा प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन भाजपा संभाग कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए देश के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज करोड़ों गरीबों को पक्के मकान, मुफ्त गैस कनेक्शन, शौचालय, स्वच्छ पेयजल, मुफ्त राशन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। मेघवाल ने कहा कि भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वंदे भारत ट्रेन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जी-20 की सफल मेजबानी जैसी उपलब्धियों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अवश्य साकार होगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन व्यवस्था स्थापित हुई है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज किसान, युवा, महिला, गरीब, श्रमिक और मध्यम वर्ग सभी के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर जनता का विश्वास जीता है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, राम मंदिर निर्माण, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश को नई दिशा दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं, कारीगरों, श्रमिकों एवं स्वरोजगार से जुड़े वर्गों को सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों से लाखों लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आज देश में विकास की नई संस्कृति स्थापित हुई है और भारत विश्व मंच पर सशक्त नेतृत्व के रूप में उभरा है। पंचारिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में नियुक्त पदाधिकारियों—प्रदेश महामंत्री भंवरलाल जांगिड़, प्रदेश संयोजक अशोक भाटी, प्रदेश प्रवक्ता महावीर चारण एवं मुरलीधर सैन का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जालम सिंह भाटी, कुम्भनाथ सिद्ध, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, तोलाराम कूकना, कैलाश विश्नोई, जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, जसवंत दहिया, मोहन ढाल, मंत्री भरत सुथार, राजाराम ओझा, सोशल मीडिया संयोजक पवन स्वामी, महेंद्र ढाका, रतन सिंह, मानमल शर्मा, सी.आर. चौधरी, सुरेंद्र स्वामी, पूराराम ढाका, निशु लिंबा, श्रवण प्रजापत, अशोक सेन, कोजूराम सारस्वत सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मनीष सोनी
जिला मीडिया संयोजक भाजपा बीकानेर देहात।
