स्वतंत्रता दिवस पर गोगेलाव में महिला उद्यमिता की नई शुरुआत, पांच उद्योगिनियों ने शुरू किए अपने व्यवसाय
08/15/2026
स्वतंत्रता दिवस पर गोगेलाव में महिला उद्यमिता की नई शुरुआत, पांच उद्योगिनियों ने शुरू किए अपने व्यवसाय
नागौर(नागौर जिला चीफ़ एडिटर प्रदीप कुमार डागा)स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोगेलाव गांव के बालवा रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी में महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की गई। एयू फाउंडेशन एवं ईताशा सोसाइटी के सहयोग से संचालित महिला समृद्धि कार्यक्रम के तहत चयनित पांच महिला उद्यमिनियों ने अपने-अपने व्यवसाय की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलदेव राम मिर्धा राजकीय महाविद्यालय नागौर के पूर्व प्राचार्य डॉ. शंकर लाल जाखड़, श्री साईं सेवा समिति के परमाराम जाखड़, राजीविका प्रमुख नीलम भणभेरू एवं कॉमेडियन राजेंद्र धोलिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ उद्योगिनियों की दुकानों पर तिरंगा फहराकर की गई। इसके बाद पूजा सरगरा, कुसुम सरगरा, मंजू लुहार एवं चंद्रा सोनी सहित चयनित महिला उद्यमिनियों को विभिन्न व्यवसाय शुरू करवाए गए। इनमें सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कपड़ा दुकान, कॉस्मेटिक शॉप एवं फैंसी शॉप शामिल हैं। अतिथियों ने दुकानों का भ्रमण कर व्यवसायों का अवलोकन किया तथा रिबन काटकर अनौपचारिक उद्घाटन किया। महिलाओं द्वारा दुकानों में सामान को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूर्व प्राचार्य डॉ. शंकर लाल जाखड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय और साहसिक कदम है। उन्होंने कहा कि स्वयं का व्यवसाय महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके परिवार की स्थिति को भी मजबूत करता है।
इस अवसर पर मोहल्लावासियों को मिठाई वितरित की गई। ईताशा सोसाइटी के कोऑर्डिनेटर श्री महावीर नागर एवं कुमारी गजराज कंवर ने एयू उद्योगिनी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
