सुनहरी कलम से बने विशेष मेमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
08/16/2026
बीकानेर के श्री सीएम मुंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट के नवनिर्मित मेडिसिन विंग में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल जी शर्मा, भारत सरकार के कानून एवं न्याय केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम जी मेघवाल, राज्य के चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह जी खींवसर, शिक्षा मंत्री मदन जी दिलावर, केबिनेट मंत्री श्री सुमित जी गोदारा को सुनहरी कलम से बने विशेष मेमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। ये सभी उत्कृष्ट कलाकृतियां बीकानेर के विख्यात चित्रकार राम कुमार भादाणी द्वारा तैयार की गई हैं। भादाणी ने बताया की हाल ही में अभी उस्ता कला को "बीकानेर उस्ता कला क्राफ्ट" के नाम से हाल ही में 2023 में जी आई टैग मिला है। ये बीकानेर की प्राचीन ओर परम्परागत कला है। बीकानेर की उस्ता कला और बीकानेर की मथेरण शैली दोनों का उपयोग करते हुवे उसी के अनुरूप सुनहरी कलम से स्मृति चिन्ह बनाये गए है। जिसे बीकानेर गोल्डन आर्ट के नाम से प्रसिद्धि मिल रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल जी शर्मा ने श्री कन्हैया लाल जी मुंधडा परिवार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा चित्रकार राम कुमार भादाणी द्वारा सुनहरी कलम से बनाई गई "हनुमान- गदा" स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री डी. पी. पचीसिया जी ने जानकारी देते हुए बताया कि चित्रकार राम कुमार भादाणी की यह सिद्धहस्त कला बीकानेर की अनुपम पहचान है। मुख्यमंत्री द्वारा भादाणी द्वारा निर्मित कलाकृति भेंट करने का यह दूसरा अवसर है; इससे पूर्व पलाना में आयोजित कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भादाणी द्वारा हस्तनिर्मित सुनहरी कलम का चरखा भेंट किया था। डी. पी. पचीसिया ने आगे कहा कि राम कुमार भादाणी की सुनहरी कलम (बीकानेर गोल्डन आर्ट) की यह सूक्ष्म कारीगरी न केवल हमारी स्थानीय हस्तकला को वैश्विक मंच पर गौरव दिला रही है, बल्कि युवा कलाकारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। ट्रस्ट द्वारा ऐसे उत्कृष्ट कलाकारों की कला का सम्मान करना बीकानेर की सांस्कृतिक विरासत को और अधिक समृद्ध बनाता है।



